Advertisement

जनगणना के पहले चरण की तैयारी पूरी, जिले में 1 से 30 मई तक होगा मकान सूचीकरण

जनगणना-2027 के सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें, ताकि जनगणना का कार्य समय-सीमा में, त्रुटिरहित और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जा सके। 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर हिरेन्द्र कुमार सिन्हा द्वारा जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के प्रथम चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने चरणबद्ध तरीके से बताया कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के दौरान किन-किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण 01 मई से 30 मई 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में जिले के प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा, जिसमें मकान की स्थिति, उपयोग, संरचना और अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। फील्ड में डाटा संकलन के लिए एचएलओ मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा, जिससे डाटा की त्वरित प्रविष्टि, सत्यापन और निगरानी संभव हो सकेगी।

प्रशिक्षण में अधिकारियों को मोबाइल एप के संचालन, डाटा एंट्री की प्रक्रिया, फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं तथा उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही चार्ज अधिकारियों की जिम्मेदारियों, निगरानी व्यवस्था और रिपोर्टिंग सिस्टम को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे प्राप्त प्रशिक्षण का सही उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ पूरा करेंगे, ताकि जिले में जनगणना-2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।