जन चौपाल में हितग्राहियों से संवाद, आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सुकमा, 04 दिसंबर 2025। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति और मैदानी क्रियान्वयन का जायजा लेने हेतु सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने जनपद पंचायत छिंदगढ़ के ग्राम पंचायत कूकानार का सघन निरीक्षण किया। कूकानार में 600 से अधिक आवास स्वीकृत हैं, जिनकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने लाभार्थियों के घर-घर जाकर निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री ठाकुर ने प्रगतिरत एवं अपूर्ण आवासों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि के उपयोग, श्रमिकों और सामग्री की उपलब्धता, तथा निर्माण की गति को विस्तार से परखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि धीमी प्रगति वाले आवासों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।


निरीक्षण के बाद आयोजित जन चौपाल में सीईओ श्री ठाकुर ने ग्रामीणों और लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। ग्रामीणों ने सामग्री उपलब्धता, निर्माण की गति, किस्त राशि की स्वीकृति और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी समस्याएँ उनके समक्ष रखीं। इस पर सीईओ श्री ठाकुर ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र लाभार्थी के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने समस्त विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुँचें, इसके लिए समन्वय, तत्परता और निगरानी में कोई भी कमी न रहे। साथ ही लाभार्थियों से अपील की कि वे आवास निर्माण में सतर्कता रखें और समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने में सहयोग दें।
कूकानार में किया गया यह निरीक्षण प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ हर पात्र परिवार तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुँचे।











