Advertisement

बच्चों से बुजुर्ग तक सभी ने परिवार और मित्रों के साथ उत्सव का आनंद लिया

रायपुर में हुआ भव्य पौष उत्सव, बंगाली संस्कृति की झलक से सजा मेला

राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी परिसर में आज बंगाली कालीबाड़ी समिति के तत्वावधान में पौष उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हर साल की तरह इस साल भी पारंपरिक मेले में बड़ी संख्या में बंगाली समाज के लोग शामिल हुए और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

संस्कृति और खानपान का अद्भुत संगम

मेले में बंगाली संस्कृति और खानपान की खास झलक देखने को मिली। आयोजन स्थल पर पारंपरिक बंगाली व्यंजनों की भरमार रही, जिनमें पताली गुड़ की खीर, गुगनी, बिरयानी, लूची, संदेश सहित कई स्वादिष्ट पकवान लोगों का आकर्षण बने।

परिवार और मित्रों के साथ सांस्कृतिक उत्सव

पौष उत्सव में लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचे और एक-दूसरे के साथ मिलकर बंगाली सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाते दिखाई दिए। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी ने रंगारंग कार्यक्रम और मेला का आनंद लिया।

उद्देश्य: नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना

इस अवसर पर हमारी टीम ने बंगाली कालीबाड़ी समिति के अध्यक्ष तनमय चटर्जी से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पौष उत्सव का उद्देश्य केवल मेला लगाना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को बंगाली संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता से जोड़ना है।

उत्सव की यह परंपरा राजधानी रायपुर में बंगाली समाज की सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखने और समुदाय में भाईचारे को बढ़ावा देने का एक अहम माध्यम बनी हुई है।