Advertisement

सुकमा में जवानों की सुरक्षा पर फोकस: एसपी किरण चव्हाण ने दिलाई शपथ, 1050 हेलमेट वितरित

 

सुकमा में जवानों की सुरक्षा पर फोकस: एसपी किरण चव्हाण ने दिलाई शपथ, 1050 हेलमेट वितरित

 

 

सुकमा। जिले में पुलिस जवानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने एक महत्वपूर्ण पहल की। पुराना एसपी ऑफिस स्थित नक्सल सेल में आयोजित कार्यक्रम में डीआरजी जवानों को कुल 1050 हेलमेट वितरित किए गए।

यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। एसपी ने जवानों को शपथ दिलाई कि वे बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाएंगे और शराब सेवन के बाद वाहन संचालन नहीं करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान एसपी चव्हाण ने कहा कि कई जवान महंगी गाड़ियां खरीद लेते हैं, लेकिन हेलमेट पहनने में लापरवाही करते हैं, जो दुर्घटना के समय जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि जिले में हर वर्ष सड़क हादसों में 10 से 15 लोगों की मौत हो रही है, जिसका मुख्य कारण लापरवाही और यातायात नियमों का उल्लंघन है।

 

 

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह ने जवानों को जागरूक करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई जवान सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण रहा है। उन्होंने हेलमेट पहनते समय उसकी बक्कल (पट्टा) अवश्य लगाने की अपील की।

इस अवसर पर एएसपी अभिषेक वर्मा, डीएसपी मनीष रात्रे, रक्षित निरीक्षक रवि उपाध्याय, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनुराग सोनवानी सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

 

स्थान – सुकमा छग 

संवाददाता – उइका नरेश