Advertisement

अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिले दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिजन

पीड़ित परिवारों की व्यथा सुन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, जल्द समाधान का मिला आश्वासन

रायपुर, छत्तीसगढ़ | 7 मई 2026, गुरुवार

छत्तीसगढ़ में दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिजनों द्वारा लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में महत्वपूर्ण भेंट-मुलाकात का आयोजन हुआ। इस दौरान अनुकंपा नियुक्ति शिक्षा कर्मी कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी से मुलाकात कर पीड़ित परिवारों की समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों को विस्तारपूर्वक रखा।

प्रतिनिधिमंडल में संघ की प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृगे, कार्यकारिणी सदस्य कुमुदिनी साहू सहित कई पीड़ित परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा सरकार के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास भी मौजूद रहे और उन्होंने पीड़ित परिवारों की मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पंचायत शिक्षकों की सेवा के दौरान असामयिक मृत्यु होने के बाद उनके परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहे हैं। कई परिवारों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है और आज भी उन्हें अनुकंपा नियुक्ति का लाभ नहीं मिल पाया है। परिवारों ने सरकार से मांग की कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करते हुए अनुकंपा नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पीड़ित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से भी मुलाकात की और शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा की। शिक्षा मंत्री ने भी पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस विषय को प्राथमिकता के साथ देख रही है और जल्द ही उचित निर्णय लेकर राहत प्रदान की जाएगी।

भेंट-मुलाकात के बाद पीड़ित परिवारों में उम्मीद की नई किरण देखने को मिली। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार जल्द निर्णय लेती है तो सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी पीड़ा को गंभीरता से सुना है, जिससे परिवारों में विश्वास बढ़ा है।

अनुकंपा नियुक्ति शिक्षा कर्मी कल्याण संघ ने यह भी कहा कि वर्षों से संघर्ष कर रहे परिवारों को अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है और सरकार से शीघ्र आदेश जारी होने की अपेक्षा की जा रही है।