Advertisement

*सुकमा में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, 225 से अधिक खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण* 

 

 

 

 

सुकमा/ कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सुकमा द्वारा 10 मई से ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में बड़ी संख्या में खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा को निखार रहे हैं। यह शिविर 30 मई 2026 तक नियमित रूप से संचालित होगा।

मिनी स्टेडियम सुकमा में क्रिकेट एवं फुटबॉल, लाइवलीहुड कॉलेज सुकमा में योगा, फॉरेस्ट इनडोर स्टेडियम सुकमा में बैडमिंटन तथा छिंदगढ़ में कराते एवं हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है।

क्रिकेट प्रशिक्षण आशुतोष सिंह क्रिकेट एकेडमी रायपुर द्वारा दिया जा रहा है। वहीं बैडमिंटन के लिए भावेश रजक एवं दिव्यांशु सिंह, कराते के लिए बसंत जेना, हॉकी के लिए श्रीमती योगिता नायक तथा योग प्रशिक्षण के लिए राम नारायण मिश्रा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। शिविर में प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो-दो घंटे का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।

खिलाड़ियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रातःकालीन सत्र में चना-गुड़ तथा संध्याकालीन सत्र में ग्लूकोस की व्यवस्था की गई है। साथ ही आवश्यक खेल सामग्री भी खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।

शिविर में विभिन्न आयु वर्गों के 225 से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने हेतु जिला खेल अधिकारी से संपर्क करने की अपील की है।

 

स्थान – सुकमा छग 

संवाददाता – उइका नरेश