सुकमा। रायपुर से सुकमा की ओर आ रही रॉयल बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। वहीं कोंटा क्षेत्र की एक शिक्षिका की मौत की दुखद खबर सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आने की भी सूचना है।
घटना के बाद बस की फिटनेस, चालक की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई है कि यात्रियों द्वारा पहले भी बस चालक और स्टाफ की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता जताई गई थी। हालांकि इस संबंध में अभी तक संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्री बसों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि छोटी गाड़ियों पर तो तुरंत कार्रवाई की जाती है, लेकिन यात्री बसों की नियमित जांच और निगरानी को लेकर गंभीरता कम दिखाई देती है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बसों की फिटनेस, चालक की स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा मानकों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।






