*सुकमा/छिंदगढ़:*
सुकमा जिले के छिंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही छिंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।







