अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम पीरमेटा में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन
बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम पीरमेटा स्थित राम मंदिर परिसर में विशेष योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के युवाओं, बच्चों तथा ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक श्री शिवशंकर भैया जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जड़ और चेतन के बीच सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम है। योग मन, शरीर और आत्मा को जोड़कर व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि का परिचय दिया।
इस आयोजन में प्रवीण कश्यप, संतोष चक्रधारी, धनीराम, साइबो, लम्बोदर सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता रही, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।





