कोंटा, सुकमा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा कोंटा के कर्मचारियों के संबंध में प्रकाशित समाचार को लेकर शाखा प्रबंधन ने अपना तथ्यात्मक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि समाचार में प्रस्तुत जानकारी पूर्ण तथ्यों पर आधारित नहीं है।
शाखा प्रबंधन ने बताया कि संबंधित दिवस शाखा में खाताधारकों की संख्या अधिक होने के कारण कार्यभार काफी बढ़ गया था। प्रातः लगभग 10 बजे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण बैंकिंग कार्य प्रभावित हुआ, जिसके चलते ग्राहकों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। विद्युत व्यवस्था सामान्य होने के बाद बैंक कर्मचारियों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर ग्राहकों के कार्यों का निष्पादन किया गया।
शाखा प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय के बाद भी कार्य करते हुए शाम लगभग 5:30 बजे तक कैश वितरण एवं अन्य बैंकिंग कार्यों का संचालन किया, ताकि दूर-दराज से आए किसानों एवं खाताधारकों को बिना लेनदेन किए वापस न लौटना पड़े।
प्रबंधन के अनुसार, अत्यधिक भीड़, विद्युत व्यवधान एवं कार्यभार की स्थिति के कारण कुछ असुविधा उत्पन्न हो सकती है, लेकिन इसे कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर किया गया दुर्व्यवहार या लापरवाही बताना उचित नहीं है।
शाखा प्रबंधन ने कहा कि कैशियर एवं लेखपाल द्वारा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जा रहा है। कर्मचारियों के विरुद्ध शराब के नशे में बैंक आने, ग्राहकों से अभद्र व्यवहार करने अथवा बैंक कार्य बाधित करने संबंधी आरोपों की कोई प्रमाणित पुष्टि नहीं हुई है।
पासबुक संबंधी प्रकरण सहित अन्य शिकायतों की वास्तविक स्थिति उपलब्ध अभिलेखों, संबंधित पक्षों के कथन एवं निष्पक्ष जांच के आधार पर ही स्पष्ट हो सकती है। किसी भी कर्मचारी की प्रतिष्ठा को अपुष्ट जानकारी के आधार पर प्रभावित करना उचित नहीं है।
शाखा प्रबंधन ने मीडिया एवं आमजन से आग्रह किया है कि बैंक कर्मचारियों के संबंध में समाचार प्रकाशित करते समय सभी तथ्यों एवं संबंधित पक्षों के विचारों को शामिल किया जाए।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कोंटा खाताधारकों को बेहतर, पारदर्शी एवं सम्मानजनक बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थान – सुकमा छग





