Advertisement

*कलेक्टर अमित कुमार ने किया आश्रम-विद्यालयों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश* 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुकमा। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मंगलवार को जिले के विभिन्न आश्रम-विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर भी मौजूद रहे।

 

कलेक्टर ने पोटाकेबिन सुकमा, स्वामी आत्मानंद स्कूल दोरनापाल सहित आश्रम शाला नागाराम, दोरनापाल, डब्बाकोंटा, मिनपा और करीगुंडम का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, अध्यापन व्यवस्था और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

 

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने स्कूल एवं आश्रम परिसरों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित और व्यवस्थित अध्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ आश्रम शालाओं में मरम्मत की आवश्यकता पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं अधिकारियों ने हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए।

 

इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी श्री जीआर मंडावी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।