सुकमा। ग्राम पंचायत ढोंढरा के चिंताकोंटा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सहित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की सुविधा के लिए बोरिंग में सोलर टंकी और मोटर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन मोटर खराब होने के बाद उसे बोरिंग से निकालकर ले जाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक न तो खराब मोटर की मरम्मत कराई गई है और न ही नई मोटर लगाई गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या की जानकारी क्रेडा विभाग को भी दी गई थी, लेकिन अभी तक सोलर मोटर की मरम्मत नहीं होने से बच्चों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्कूल में भोजन के समय बर्तन धोने और पीने के पानी के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्कूल शिक्षकों का कहना है कि वर्तमान में बच्चों को हैंडपंप से पानी निकालना पड़ रहा है। छोटे बच्चों के लिए हैंडपंप चलाकर पानी निकालना काफी मुश्किल है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने संबंधित विभाग से जल्द सोलर मोटर की मरम्मत कराकर स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित पेयजल सुविधा बहाल करने की मांग की है।




