Advertisement

*बाल विवाह रोकने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, 16 वर्षीय बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू कर विवाह रुकवाया* 

 

 

 

 

 

 

सुकमा। जिले के तोंगपाल क्षेत्र अंतर्गत मासापारा कावराकोपा में बाल विवाह की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू कर बाल विवाह रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक युवक द्वारा महारापारा हमीरगढ़ निवासी नाबालिग बालिका को विवाह के उद्देश्य से अपने घर लाया गया था। स्थानीय परंपरा के अनुसार विवाह की तैयारियां चल रही थीं, जबकि बालिका के परिवार की सहमति नहीं थी। सूचना मिलते ही जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी शिवदास नेताम एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी जितेंद्र सिंह बघेल के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन, सेक्टर सुपरवाइजर तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

 

प्रशासनिक टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए समझाइश दी। इसके बाद युवक पक्ष ने विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई तथा बालिका ने भी इसे स्वीकार किया।

 

बालिका की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संयुक्त टीम उसे उसके गृहग्राम लेकर पहुंची, लेकिन परिजन उपस्थित नहीं मिलने पर नियमानुसार बालिका को सुकमा लाया गया। बाल कल्याण समिति के समक्ष आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने तक बालिका को सखी सेंटर में सुरक्षित आश्रय दिया गया है।

 

कार्रवाई के दौरान संबंधित पक्षों से घोषणा-पत्र लिया गया, पंचनामा तैयार किया गया तथा बाल विवाह कानून के तहत संभावित वैधानिक कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

 

इस कार्रवाई में संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) मनीषा शर्मा, सेक्टर सुपरवाइजर गंगोत्री ठाकुर, चाइल्ड लाइन परियोजना समन्वयक अमित मरावी, सुपरवाइजर अमित नाग, केस वर्कर मुड़ा पोडियामी, गमेश्वरी करतम, आउटरीच वर्कर अंजली वेट्टी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव एवं रोजगार सहायक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से न केवल बाल विवाह को रोका गया, बल्कि नाबालिग बालिका की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई। यह कार्रवाई जिले में बाल अधिकारों के संरक्षण एवं बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।