Advertisement

पोलमपल्ली पोटाकेबिन पहुंचकर कलेक्टर अमित कुमार ने लिया जायजा

 

 

 

 

 

 

छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन अलर्ट, पोटाकेबिन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित; तीन सदस्यीय जांच दल गठित

 

सुकमा। पोलमपल्ली स्थित कन्या आवासीय पोटाकेबिन में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने स्वयं पोटाकेबिन पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और छात्राओं के स्वास्थ्य एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

 

कलेक्टर ने छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

 

तबीयत खराब होने पर उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित छात्राओं को तत्काल दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद कई छात्राएं स्वस्थ होकर विद्यालय लौट चुकी हैं, जबकि एक छात्रा का सुकमा जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

 

पोटाकेबिन में करीब 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। एहतियात के तौर पर प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर सभी छात्राओं की मेडिकल जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार छात्राओं के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

 

मामले की जांच के लिए एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। जांच दल पूरे मामले की जांच कर आवश्यक रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगा।

 

कलेक्टर के मौके पर पहुंचने से प्रशासनिक अमले ने भी तेजी से कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी। प्रशासन का कहना है कि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इस दौरान एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला, तहसीलदार श्री योपेंद्र पात्रे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।