सुकमा, 30 अगस्त 2026। सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। बेलपोच्चा से गोमपाड़ जाने वाले मार्ग के समीप घने जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे जंगल में संदिग्ध डम्प का पता चला।
डम्प की तलाशी लेने पर दो टिफिन बम, वायर रहित अवस्था में, बरामद हुए। इनमें एक टिफिन बम का वजन 5 किलोग्राम और दूसरे का वजन 3 किलोग्राम है। दोनों का कुल वजन 8 किलोग्राम बताया गया है।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने 4 बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर और तीन बंडल बिजली वायर सहित अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की है। मौके से स्टील टिफिन, प्लास्टिक डस्टबिन, बैटरी और अन्य सामग्री भी मिली है।
पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए डम्प को सुरक्षित रूप से बरामद कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुकमा पुलिस के मुताबिक, जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए दुर्गम जंगलों और पहाड़ी इलाकों में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।





