सुकमा/कोंटा। कोंटा विकासखंड में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। हर साल की तरह इस वर्ष भी आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और कोंटा क्षेत्र की टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में सुन्नामगुड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के लिए 16,001 रुपये का पुरस्कार रखा गया था। खास बात यह रही कि सुन्नामगुड़ा की टीम ने लगातार तीसरे वर्ष मटकी फोड़ प्रतियोगिता में जीत हासिल की।
प्रतियोगिता देखने के लिए ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित कोंटा क्षेत्र के बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक, छात्र-छात्राएं और दर्शक पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई।





