Advertisement

*कम बारिश से सूख रही किसानों की फसल, कोंटा में किसानों ने किया धरना-प्रदर्शन* 

 

 

 

 

 

 

कोंटा। सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड क्षेत्र में कम बारिश के कारण किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। खेतों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से फसल सूखने की स्थिति में पहुंच गई है। किसानों का कहना है कि उन्होंने हर साल की तरह इस वर्ष भी खेती के लिए बैंकों से लाखों रुपये का केसीसी एवं फसल ऋण लिया है। ऋण की राशि से खेतों की जुताई, रोपाई सहित अन्य कृषि कार्य किए गए, लेकिन कम बारिश के कारण अब फसल पर संकट मंडरा रहा है।

 

अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर किसानों ने सोमवार को कोंटा बस स्टैंड परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चार प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखीं।

 

किसानों की प्रमुख मांगों में किसानों का कर्ज माफ करना, ग्राम पंचायतों को एजेंसी बनाकर राहत कार्य उपलब्ध कराना, वन ग्रामों में निवासरत किसानों का सर्वे कर प्रत्येक कब्जाधारी को 10 हेक्टेयर का पट्टा देना तथा पोलावरम डुबान क्षेत्र के ग्रामीणों को उचित मुआवजा देना शामिल है।

 

किसानों के समर्थन में बस्तरिया राज मोर्चा के अध्यक्ष मनीष कुंजाम सहित संगठन के कार्यकर्ता भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों की समस्याओं और मांगों को उठाया।

 

धरना-प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर कोंटा तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने शासन-प्रशासन से उनकी समस्याओं पर तत्काल ध्यान देते हुए राहत एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।