भीम आर्मी बीजापुर के युवाओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
बीजापुर। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), महिलाओं तथा अन्य वंचित वर्गों के सामाजिक न्याय, समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर भीम आर्मी बीजापुर के युवाओं ने 24 सितंबर 2026 को तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समानता और समान अवसर का अधिकार देता है, लेकिन शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका तथा निर्णय लेने वाली संस्थाओं में वंचित वर्गों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर भीम आर्मी के युवाओं ने विभिन्न मुद्दों से संबंधित 24 सूत्रीय मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
ज्ञापन में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण में “कोटे के अंदर कोटा” लागू करने तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके साथ ही SC/ST विद्यार्थियों के लिए आरक्षण व्यवस्था बहाल करने, OBC समाज को लोकसभा और विधानसभा में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, राज्यसभा एवं विधान परिषदों में SC, ST और OBC का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा जाति जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग की गई।
ज्ञापन में उच्च न्यायपालिका में SC, ST और OBC का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा करने तथा सरकारी सेवाओं में SC, ST और OBC को पदोन्नति में आरक्षण का लाभ देने की मांग भी रखी गई।
युवाओं ने केंद्र एवं राज्य सरकारों के सभी बैकलॉग पदों को तत्काल भरने, सरकारी ठेकों एवं सरकारी खरीद में SC, ST और OBC को आरक्षण का लाभ देने तथा निजी क्षेत्र में भी इन वर्गों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की।
सफाईकर्मियों से जुड़े मुद्दों को भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया। आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति देने, समान काम के लिए समान वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और बीमा की सुविधा देने तथा सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह बंद कर आधुनिक मशीनों से सुरक्षित सफाई कराने की मांग की गई।
इसके अलावा SC-ST Act के मामलों में पीड़ितों को मिलने वाली मुआवजा राशि बढ़ाने, मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने, सरकारी योजनाओं और बजट में वंचित वर्गों की आबादी के अनुपात में उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने, समूह ‘क’ की भर्तियों में लेटरल एंट्री बंद करने तथा छात्रावासों का निर्माण करने जैसी मांगें भी ज्ञापन में शामिल हैं।
भीम आर्मी बीजापुर के युवाओं ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य SC, ST, OBC, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित भागीदारी सुनिश्चित कराना है। युवाओं ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।




