Advertisement

बस्तर के विकास को मिली नई रफ्तार – 17.59 करोड़ के कार्यों की सौगात

बस्तर सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार – वन मंत्री केदार कश्यप

नारायणपुर जिले को 17.59 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, नालंदा परिसर से युवाओं को मिलेगा आधुनिक अध्ययन का मंच

रायपुर, 07 अप्रैल 2026।

छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर अंचल सहित पूरे प्रदेश के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान किया जा सके।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप अपने एक दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान जिलेवासियों को 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने जिले में कुल 11 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी। इन कार्यों में नेशनल हाईवे 130-डी के मजबूतीकरण, नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) निर्माण, तथा डीएमएफ एवं नगरीय निकाय के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि नारायणपुर जिले में नालंदा परिसर का निर्माण युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अध्ययन का वातावरण मिलेगा और वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब यहां के बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर इंजीनियर, डॉक्टर और प्रशासनिक सेवाओं में अपना स्थान बना सकेंगे।

नारायणपुर कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कार्यों का चयन कर उन्हें क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज जिन कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री कश्यप ने हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत भी लाभ वितरित किए। उन्होंने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इससे जरूरतमंद परिवारों को आवास सुविधा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

वन मंत्री ने गढ़बेंगाल चौक से बखरूपारा मार्ग के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी के मजबूतीकरण कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सड़क के सुदृढ़ होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और व्यापार एवं विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह के समन्वय और टीमवर्क से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प साकार हो रहा है। इससे अब नारायणपुर और अबूझमाड़ जैसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा लोगों को शांति और सुरक्षा का माहौल प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश शर्मा, संध्या पवार, गौतम एस. गोलछा, बृजमोहन देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिनसन गुड़िया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, वन मंडल अधिकारी, अपर कलेक्टर, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रामचंद्र यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

अंत में वन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण और समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।