Advertisement

महोत्सव के रूप में पंचायतों में रोजगार दिवस और आवास दिवस का हुआ आयोजन

एक स्कैन में मनरेगा कार्यों की जानकारी, विकसित भारत–जी राम जी के प्रावधानों से अवगत हुए ग्रामीण
आवास हितग्राहियों को शीघ्र आवास पूर्ण करने प्रेरित करने ‘रोजगार दिवस’ एवं ‘आवास दिवस’ का आयोजन

जिले की ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने हेतु रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन महोत्सव के रूप में किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को विकसित भारत–जी राम जी योजना के नए प्रावधानों से अवगत कराया गया। अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि यह योजना ग्रामीण रोजगार, आजीविका संवर्धन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

क्यूआर कोड स्कैन कर मिलेगी मनरेगा कार्यों की पूरी जानकारी

महात्मा गांधी नरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।
ग्रामीणों को बताया गया कि वे अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित कार्यों, लागत, मजदूरी, प्रगति एवं अन्य विवरणों की जानकारी सीधे प्राप्त कर सकते हैं। इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्रामीण स्वयं निगरानी कर सकेंगे।

आवास दिवस पर हितग्राहियों को किया गया प्रोत्साहित

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अपने आवास निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि समय पर आवास पूर्ण करने से हितग्राहियों को शासन की अन्य सुविधाओं एवं लाभों से भी जोड़ना आसान होगा।

आजीविका संवर्धन पर विशेष चर्चा

प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार दिवस के आयोजन के दौरान “आजीविका डबरी” के निर्माण एवं उसके माध्यम से आजीविका संवर्धन के विभिन्न विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीणों को मत्स्य पालन, बतख पालन, सब्जी उत्पादन जैसे कार्यों की जानकारी दी गई, जिससे वे मनरेगा के माध्यम से स्थायी आय के स्रोत विकसित कर सकें।

अधिकारियों ने बताया कि इन गतिविधियों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह

रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी मिलने पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में इन योजनाओं का बेहतर ढंग से लाभ उठाने की बात कही।

यह आयोजन जिले में ग्रामीण विकास, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।