Advertisement

कोरचोली जंगल में माओवादियों का प्रेशर IED ब्लास्ट, 15 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आया ग्रामीण

कोरचोली नदीपारा निवासी किशोर गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर 

जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरचोली नदीपारा में माओवादियों द्वारा पूर्व से लगाए गए प्रेशर IED विस्फोट की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस विस्फोट में एक ग्रामीण किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार दिनांक 05 जनवरी 2026 की सुबह की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम, पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम, उम्र लगभग 15 वर्ष, सुबह के समय लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वह अनजाने में माओवादियों द्वारा पहले से बिछाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि किशोर के पैर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।


तत्काल सुरक्षा बलों ने पहुंचाया उपचार

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तैनात 222 बटालियन केरिपु (CRPF) कैम्प, कोरचोली के जवान मौके पर पहुंचे। घायल ग्रामीण को तत्काल कैम्प में लाकर प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल बीजापुर के लिए रेफर किया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।


सुरक्षा बलों ने तेज किया सर्चिंग अभियान

घटना के बाद सुरक्षा बलों द्वारा पूरे क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। माओवादियों की इस कायराना हरकत को देखते हुए IED निष्क्रियकरण दस्तों को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि जंगल और ग्रामीण इलाकों में लगाए गए अन्य विस्फोटकों की पहचान कर उन्हें समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियाँ क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई कर रही हैं।


आम जनता से सतर्कता की अपील

प्रशासन एवं सुरक्षा बलों ने आमजन से अपील की है कि

  • जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें।

  • किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, तार, डिब्बा, मिट्टी में दबा हुआ सामान या असामान्य गतिविधि दिखने पर उसे छुएं नहीं।

  • ऐसी किसी भी सूचना को तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा सुरक्षा कैम्प को दें।


माओवादियों की कायराना हरकत की निंदा

इस घटना को माओवादियों की एक और कायराना एवं अमानवीय करतूत बताया जा रहा है, जिसमें निर्दोष ग्रामीण को निशाना बनाया गया। क्षेत्र में शांति भंग करने के उद्देश्य से किए जा रहे ऐसे कृत्यों की प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने कड़ी निंदा की है।