तुमालपाड़। फर्जी ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर पहाड़ में की जा रही ब्लास्टिंग के विरोध में कांग्रेस ने तुमालपाड़ में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बैठक कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी सहमति के बिना ग्रामसभा का प्रस्ताव तैयार कर पहाड़ कटाई और ब्लास्टिंग का कार्य कराया जा रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों के अधिकारों की अनदेखी कर प्राकृतिक संसाधनों से छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से फर्जी ग्रामसभा की निष्पक्ष जांच कराने, पहाड़ में चल रही ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से बड़ा जनआंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




