Advertisement

Cyber awareness workshop held in schools under Cyber Jagriti Abhiyan-Bijapur

दिनांक : 22.08.2026

साइबर जागृति अभियान-बीजापुर के तहत स्कूलों में आयोजित हुई साइबर जागरूकता कार्यशाला

जिले में आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साइबर जागृति अभियान-बीजापुर” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 22 अगस्त 2026 को एकलव्य विद्यालय, बीजापुर एवं हायर सेकण्डरी स्कूल, भैरमगढ़ में साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, फर्जी निवेश एवं नौकरी के नाम पर ठगी, KYC अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, CVV एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स को सुरक्षित रखें।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि यदि किसी प्रकार की साइबर बुलिंग, अंजान कॉल, संदिग्ध मैसेज अथवा बार-बार परेशान करने वाले फोन नंबर से परेशान किया जाता है, तो ऐसे नंबरों की तत्काल संचार साथी पोर्टल के ‘चक्षु’ सुविधा के माध्यम से रिपोर्ट करें तथा आवश्यकतानुसार नंबर को ब्लॉक कराएं । पुलिस द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। डिजिटल तकनीक का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

साइबर जागृति अभियान के माध्यम से बीजापुर पुलिस द्वारा जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।