सुकमा/कोंटा। कोंटा क्षेत्र में वन विभाग एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक विशाल अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अजगर मिलने की सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक उसे पकड़कर सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को सीआरपीएफ कैंप हेड क्वार्टर, 217 बटालियन, कोंटा में एक विशाल अजगर पाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई करीब 20 फीट, गोलाई (मोटाई) करीब 2 फीट और वजन लगभग 40 किलोग्राम बताया गया है। आवश्यक सावधानी बरतते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीव या सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग के अधिकारियों या कर्मचारियों को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।





