तेंदुआ के हमले से दहशत: दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल, एंबुलेंस सेवा पर लापरवाही के आरोप
बीजापुर जिले के जंगला थाना क्षेत्र में तेंदुआ के हमले से दहशत का माहौल बन गया है। अलग-अलग गांवों में हुए हमलों में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला हमला ग्राम इदवाड़ा, ग्राम पंचायत पेटा निवासी लक्ष्मण वेको पर हुआ। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग 4 बजे लक्ष्मण वेको किसी काम से बाहर निकले थे, तभी अचानक तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्मण वेको गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद तेंदुआ ने दूसरे गांव की ओर रुख किया और ग्राम डोडूम, थाना जंगला निवासी शंकर पोयम पर हमला कर दिया। शंकर पोयम महुआ बीनने के लिए जंगल की ओर गए थे, तभी तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों घायलों को संभाला और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि 108 सेवा की ओर से उन्हें समय पर मदद नहीं मिली। बताया गया कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि एंबुलेंस अस्पताल में ही खड़ी थी।
इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो घायलों को जल्दी इलाज मिल सकता था। मजबूरी में ग्रामीणों ने स्वयं ही दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि तेंदुआ को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और भी बढ़ता जा रहा है।
(रिपोर्ट: बीजापुर, जंगला क्षेत्र)












