Advertisement

ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा: जंगल में मिला प्रेशर आईईडी, सुरक्षा बलों ने किया निष्प्रभावी

बीजापुर, 05 सितंबर 2026। थाना मद्देड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीणों की सतर्कता और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। ग्राम बंदेपारा एवं पेगड़ापल्ली के बीच स्थानीय जंगल क्षेत्र में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए पुराने प्रेशर आईईडी को संयुक्त सुरक्षा बलों ने सुरक्षित रूप से निष्प्रभावी कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बंदेपारा एवं पेगड़ापल्ली के कुछ ग्रामीण जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर जमीन पर बिछे एक संदिग्ध वायर पर पड़ी। माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से प्रेशर बम लगाए जाने की आशंका होते ही ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना मद्देड़ पुलिस, सीआरपीएफ और बीडीएस टीम का संयुक्त दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए क्षेत्र की जांच की और वहां लगाए गए प्रेशर बियर बॉटल आईईडी को सुरक्षित रूप से बरामद किया। इसके बाद बीडीएस टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही आईईडी को निष्प्रभावी कर नष्ट कर दिया।

संयुक्त कार्रवाई में शामिल अधिकारी एवं बल

  • थाना मद्देड़: सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुरेश जब्बा
  • सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी, ‘ए’ कंपनी संगमपल्ली: सहायक कमांडेंट मनोज कुमार
  • बीडीएस टीम

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

बीजापुर पुलिस ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल, पगडंडी, खेत अथवा सड़क किनारे किसी भी प्रकार का संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या अज्ञात एवं लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे बिल्कुल न छुएं और उसके पास न जाएं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा सुरक्षा कैंप को दें। आपकी सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़े हादसे को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।