“दूरस्थ गुज्जाकोटा में लगा नियाद नेल्ला नार शिविर, ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ”
बीजापुर जिले के अंतर्गत बस्तर क्षेत्र में शासन द्वारा संचालित “बस्तर मुन्ने अभियान” के तहत ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “नियाद नेल्ला नार” कार्यक्रम के माध्यम से एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 27 अप्रैल 2026 से 02 मई 2026 तक संचालित रहेगा।
यह एक सप्ताह का विशेष शिविर ग्राम पंचायत मोरमेड के आश्रित ग्राम गुज्जाकोटा में आयोजित किया गया है, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। शिविर में आधार कार्ड बनवाने, बैंक खाता खोलने, पासबुक अपडेट कराने, विभिन्न योजनाओं में पंजीयन कराने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
गौरतलब है कि यह गांव अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए किसी प्रकार का मुख्य मार्ग उपलब्ध नहीं है। अधिकारियों और कर्मचारियों को पगडंडियों, पहाड़ी रास्तों, नालों और घने जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में पहुंचकर शिविर लगाना सराहनीय पहल मानी जा रही है।
इस शिविर के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शिविर में प्रमुख रूप से सरपंच नंदिनी मुड़मा, सचिन सरिता, जनपद पंचायत के पी.ओ. धर्मेंद्र गावेल, पटवारी सोमेश पुजारी तथा रोजगार सहायक आयतु मुड़मा सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
ग्रामीणों में इस शिविर को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। शासन की इस पहल से दूरस्थ और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।






