सुकमा। शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को सुकमा प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत केरलापाल में जिला पंचायत द्वारा तैयार किए गए ‘पंचायत कैफे’ का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
बिहान योजना से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इस पंचायत कैफे का उद्देश्य ग्रामीणों और राहगीरों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। कैफे परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत आधुनिक शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उद्घाटन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए नाश्ते का स्वाद लिया और चाय की चुस्की लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। मंत्री ने महिलाओं की मेहनत और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप नकद राशि भी प्रदान की।
1.14 करोड़ की लागत से 8 ‘तूफान’ वाहन रवाना
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने बिहान योजना के तहत 1.14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 8 फोर्स ट्रैक्स ‘तूफान’ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों का उपयोग नियद नेल्लानार क्षेत्र के अंदरूनी गांवों में ग्रामीण आजीविका और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
कृतिका, विद्या और खुशी महिला संकुल संगठनों को दो-दो, जबकि उदय और प्रतिज्ञा संकुल संगठन को एक-एक वाहन की चाबी सौंपी गई। इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय उत्पादों को हाट-बाजार तक पहुंचाने और अपनी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता की भावना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। पंचायत कैफे और आजीविका एक्सप्रेस जैसी पहल से सुदूर क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री अरुण सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, जनपद सदस्य श्री भीमा मड़कम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।






