सुकमा। जिले के गंजेनार ग्राम पंचायत अंतर्गत वन ग्राम कस्तूरी में वन अधिकार पट्टा धारक आदिवासी ग्रामीणों की भूमि पर वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में वन मंडल कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर वे लंबे समय से खेती-किसानी करते आ रहे हैं और जिस पर शासन द्वारा उन्हें वन अधिकार पट्टा प्रदान किया गया है, उसी भूमि पर वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे उन्हें अपनी पट्टा भूमि पर खेती करने में परेशानी हो रही है और उनके आजीविका के साधन प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि पट्टा मिलने के बावजूद ग्रामीणों को अपनी ही भूमि पर खेती करने से वंचित किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को लेकर वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल जब वन मंडल कार्यालय पहुंचा, उस समय DFO के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर हरीश कवासी ने उनसे दूरभाष पर चर्चा की। बताया गया कि DFO ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यालय लौटने के बाद तत्काल जांच कराने और ग्रामीणों की समस्या का उचित निराकरण करने का आश्वासन दिया है।





