Advertisement

वरदली में सीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल: बिना क्योरिंग के हो रहा निर्माण, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

घटिया निर्माण की आशंका, तकनीकी मानकों की अनदेखी का आरोप

जनपद पंचायत भोपालपटनम के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत वरदली में चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क में विभागीय नियमों और तकनीकी मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू होते ही विवादों में घिर गया है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया क्योरिंग (पानी से नियमित तराई) को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। तकनीकी विशेषज्ञों के मुताबिक सीसी सड़क की मजबूती और लंबी उम्र के लिए ढलाई के बाद निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाना अनिवार्य होता है। लेकिन निर्माण स्थल पर ऐसी कोई व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर क्योरिंग नहीं की गई तो सड़क में जल्द ही दरारें पड़ सकती हैं और पूरी सड़क कमजोर होकर क्षतिग्रस्त हो सकती है। इससे शासन की लाखों रुपये की राशि व्यर्थ जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

जब निर्माण स्थल पर मौजूद मुंशी से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उसने स्वयं को अनपढ़ बताते हुए किसी भी तकनीकी जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की। उसने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया। निर्माण स्थल पर जिम्मेदार व्यक्ति का इस प्रकार जवाबदेही से बचना कई सवालों को जन्म देता है।

विशेष रिपोर्ट : आनंद झाड़ी

भोपालपटनम, बीजापुर।