Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सुकमा में दिखा खेल प्रतिभाओं का उत्साह* 

 

 

 

 

 

 

 *10 टीमों ने लिया हिस्सा, रोमांचक मुकाबले में कोंटा ने जीता फुटबॉल कप* 

 

सुकमा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में सुकमा के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

 

प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों, जिसमें 8 पुरुष और 2 महिला टीमें शामिल रहीं, ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मुकाबले शाम 6 बजे तक चले। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, जोश और खेल भावना ने दर्शकों को रोमांचित किया।

 

प्रतियोगिता के दौरान कोंटा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल कप अपने नाम किया। टीम ने बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रणनीति के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और विजेता का खिताब हासिल किया।

 

जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान मिनी स्टेडियम में खेलप्रेमियों की मौजूदगी और तालियों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना रहा। जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री कैलाश कश्यप, कोच श्री शिवेंद्र ठाकुर सहित अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।