सुकमा, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर जिला पुनर्वास केंद्र, सुकमा में निवासरत आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ सबरी माता जनकल्याण सेवा समिति द्वारा आत्मीय वातावरण में रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रोहित शाह एवं श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समिति की बहनों ने आत्मसमर्पित नक्सलियों की कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ प्रेम, विश्वास एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। राखी बंधवाने वाले आत्मसमर्पित नक्सलियों ने इस आत्मीय पहल के लिए समिति की बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन का उद्देश्य समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके आत्मसमर्पित नक्सलियों में अपनत्व, विश्वास और नई उम्मीद की भावना को मजबूत करना रहा। रक्षाबंधन के अवसर पर सभी ने शांतिपूर्ण और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
सुकमा पुलिस ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में विश्वास, भाईचारे और सकारात्मक बदलाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





