Advertisement

*दो दिन पहले ट्रैक्टर से सुकमा पहुंचे ग्रामीण, दो दिन बाद बाइक से मेटागुड़ा पहुंचे कलेक्टर-सीईओ* 

 

 

 

 

 

सुकमा। मेटागुड़ा गांव के ग्रामीण दो दिन पहले स्कूल, आंगनबाड़ी भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर शुक्रवार को प्रशासनिक अमले के साथ किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर दूर मेटागुड़ा गांव पहुंचे।

 

 

 

 

 

गांव में पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर कलेक्टर और सीईओ ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन और आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवन निर्माण को तत्काल स्वीकृति दी गई।

 

इसके अलावा सिंचाई सुविधा के लिए नहर विकास और वीबी-जी रामजी योजना के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति दी गई। बिजली सुविधा करीब दो महीने में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, जबकि सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया है।

 

ग्रामीणों को आधार, वोटर आईडी, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाओं से जोड़ने के लिए सोमवार को गांव में विशेष शिविर लगाया जाएगा। प्रशासन के सीधे गांव पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी देखने को मिली।