कोंटा, सुकमा। सुकमा जिले के कोंटा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोंडरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने 18 गायों को कुचल दिया। इस हादसे में 13 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, ये गायें मड़कम राजा सहित तीन परिवारों की बताई जा रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग (वेटनरी) की टीम मौके पर पहुंची और घायल गायों का उपचार शुरू किया।
ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
स्थान – कोंटा
संवाददाता – उइका नरेश





