Advertisement

एर्राबोर पोटाकेबिन में 124 बालिकाओं की टीबी स्क्रीनिंग, पोर्टेबल एक्स-रे से मौके पर हुई जांच

 

 

 

 

 

 

 

 

सुकमा। जिले के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्र एर्राबोर स्थित पोटाकेबिन में स्वास्थ्य विभाग और पीरामल स्वास्थ्य के संयुक्त तत्वावधान में विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में आधुनिक हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से 124 बालिकाओं की चेस्ट एक्स-रे जांच की गई।

 

दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बच्चों को स्वास्थ्य जांच के लिए दूर अस्पताल ले जाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लेकर पोटाकेबिन पहुंची और मौके पर ही बालिकाओं की जांच की। इससे कम समय में स्क्रीनिंग पूरी करने में मदद मिली।

 

जांच के दौरान प्रारंभिक लक्षणों के आधार पर 18 बालिकाओं को आगे की जांच के लिए चिन्हित किया गया। स्वास्थ्य टीम ने इन बालिकाओं के बलगम के नमूने एकत्र कर टीबी की पुष्टि के लिए दोरनापाल स्थित ट्रू-नॉट जांच केंद्र भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक चिकित्सा कार्रवाई की जाएगी।

 

शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे के मार्गदर्शन में जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक जयनारायण सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक कुंदल सिंह कुंजाम, रेडियोग्राफर लखन एवं अर्जुन सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

 

स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास से दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाली बालिकाओं को उनके ही संस्थान में स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली। समय पर टीबी की पहचान और उपचार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।