Advertisement

**बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने केशकाल स्थित पीएमश्री विद्यालय का किया निरीक्षण**

कोंडागांव (छत्तीसगढ़)।
डोमन सिंह, बस्तर संभागायुक्त ने मंगलवार को केशकाल स्थित पीएमश्री विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयीन स्टाफ की बैठक लेकर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम तथा संचालित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।

संभागायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली तथा आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने संबंधित प्राचार्य को निर्देशित किया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला तथा स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने विद्यार्थियों की डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त संख्या में कम्प्यूटर उपलब्ध कराने तथा सभी स्टाफ की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और पारदर्शिता भी बनी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पीएमश्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण मिल सके।