Advertisement

निजी खर्च से सरपंच ने जोड़े 6 गांव, बनी विकास की नई मिसाल

बीजापुर के कुटरू में सरपंच दिगम्बर तेलाम ने निजी खर्च से इंद्रावती पार 6 गांवों को जोड़ सड़क बनाई, ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली

बीजापुर जिले के कुटरू तहसील अंतर्गत आने वाले पेटा ग्राम पंचायत में एक सराहनीय पहल सामने आई है। यहाँ के सरपंच दिगम्बर तेलाम ने अपनी निजी राशि खर्च कर ग्रामीण विकास का एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने पेटा से इंद्रावती नदी पार करते हुए बंडे मार्का, ईदवाड़ा, डोडूम, गुडरा, भूरी और पूसलंका तक लगभग 6 गांवों को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया है।

यह सड़क निर्माण कार्य केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला कदम साबित हो रहा है। इंद्रावती नदी के उस पार बसे आश्रित गांवों के लोग पहले आवागमन की गंभीर समस्या से जूझते थे। बरसात के समय यह समस्या और भी विकराल हो जाती थी, जिससे लोगों को राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

सरपंच दिगम्बर तेलाम ने बताया कि सड़क निर्माण का उनका मुख्य उद्देश्य इन दूरस्थ गांवों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है। खासकर सोसायटी का चावल समय पर लोगों तक पहुंचे और बच्चों को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। सड़क बनने के बाद अब शिक्षक भी समय पर स्कूल पहुंचने लगे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है।

ग्राम पंचायत के लोगों ने सरपंच के इस कार्य की जमकर सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि दिगम्बर तेलाम एक कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित सरपंच हैं, जो बिना किसी सरकारी सहायता के भी गांव के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि, ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से यह भी मांग की है कि पेटा पंचायत को आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि विकास कार्य और तेज़ी से हो सके। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि आज तक किसी भी अधिकारी ने इस पंचायत का दौरा कर यहां की स्थिति का जायजा नहीं लिया है, जो चिंता का विषय है।

                     सरपंच दिगम्बर तेलाम

पेटा पंचायत में किया गया यह कार्य अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक प्रेरणा है कि यदि इच्छाशक्ति हो, तो सीमित संसाधनों में भी बड़े बदलाव संभव हैं। अब आवश्यकता है कि शासन-प्रशासन भी इस पहल को संज्ञान में लेकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आगे आए।