सुकमा। जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को शबरी ऑडिटोरियम में भव्य जिलास्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने की। इस अवसर पर नवप्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नौनिहालों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को 30 निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। वहीं प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई। समारोह स्थल पर ‘कबाड़ से जुगाड़’ विषय पर आकर्षक प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि अब सुकमा के दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी अपनी प्रतिभा के बल पर NEET और IIT जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए निःशुल्क कोचिंग और आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी का संचालन कर रहा है।
मुख्य अतिथि रूप सिंह मंडावी ने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बच्चे कलेक्टर, एसपी सहित अन्य उच्च पदों तक पहुंचकर समाज और देश की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सुकमा में तेजी से सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं और अब अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के प्रति पहले से अधिक जागरूक हैं।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी ने आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में प्रशासन की योजनाओं को पूरी निष्ठा के साथ जमीनी स्तर पर लागू करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंगम्मा सोयम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष हूंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर, एसी ट्राइबल हेमंत सिन्हा, जनपद अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्थान – सुकमा छग
संवाददाता – उइका नरेश






