कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में चलाया जा रहा व्यापक जन-जागरूकता अभियान

भारत सरकार द्वारा संचालित “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत बीजापुर जिले में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करना तथा बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और संपूर्ण जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चे अपने मौलिक अधिकारों से वंचित रह जाते हैं और उनके सपनों, संभावनाओं तथा आत्मनिर्भर बनने की राह में बाधा उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 
धार्मिक स्थलों से लेकर विद्यालयों तक जागरूकता
अभियान के तहत जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही विवाह से जुड़े सेवा प्रदाताओं—जैसे पंडित, मौलवी, मैरिज गार्डन संचालक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों—को भी अभियान से जोड़ा गया है, ताकि वे बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। 
इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से बच्चों, किशोर-किशोरियों और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बच्चों को शिक्षा के महत्व, कानूनी प्रावधानों और बाल विवाह से होने वाले सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है।
सामूहिक प्रयास से ही संभव है बदलाव
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाएं, बच्चों को शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले, तो तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि समाज, परिवार और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही बाल विवाह मुक्त भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
आइए, हम सभी एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाएं और देश के बच्चों का भविष्य सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनाएं।












