सुकमा, 8 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में विस्फोटकों के विनष्टीकरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुई इस दुर्घटना में CRPF के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं।
विस्फोटक नष्ट करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, CRPF की कोंटा रेंज के अंतर्गत पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में निरीक्षण करने तथा शेष बचे अनुपयोगी विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) पहुंची थी।
गुरुवार, 8 अक्टूबर को एलार्मडगु कैंप के पास बोदराजपदर नाला क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश विस्फोटक का एक अंश उड़कर पास में आ गिरा और ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से वहां मौजूद चार जवान घायल हो गए।
दो जवानों की हालत गंभीर
हादसे में घायल जवानों की पहचान ASI एम. के. तिवारी, ASI अनीश खान, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज के रूप में हुई है। ASI एम. के. तिवारी और ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें लगी हैं।
घटना के तत्काल बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर शासकीय अस्पताल कोंटा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है। घटना के बाद घायल जवानों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।



