*बस स्टैंड परिसर में लगे मेले में उमड़ी खरीदारों की भीड़, शुद्ध आमरस बना आकर्षण का केंद्र*
सुकमा। जिले के स्थानीय किसानों को सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बस स्टैंड परिसर में आयोजित ‘बंगनपल्ली आम मेला’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नीति आयोग के सहयोग तथा बिहान (एनआरएलएम) की स्व-सहायता समूह की दीदियों के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में अब तक 1 लाख रुपये से अधिक के आमों की बिक्री हो चुकी है।
सुकमा की मिट्टी में तैयार बंगनपल्ली आमों की मिठास और गुणवत्ता ने लोगों का दिल जीत लिया है। मेले में आम खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। वहीं स्टॉल में उपलब्ध शुद्ध और ताजा आमरस भी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहा है, जिससे स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
बुधवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण ने मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर, वन मंडलाधिकारी श्री अक्षय भोंसले सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्टॉलों का भ्रमण कर आमों की खरीदी की और किसानों का उत्साहवर्धन किया।
अधिकारियों ने किसानों और समूह की महिलाओं से चर्चा कर आम उत्पादन, विपणन और आय से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल व्यापार का माध्यम नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रयास से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिली है और उन्हें सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ है।
18 मई से शुरू हुए इस आम मेले को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। जिला प्रशासन का यह प्रयास सुकमा के कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
स्थान – सुकमा छग
संवाददाता – उइका नरेश






