बीजापुर S इंडिया News| नेशनल पार्क क्षेत्र
नेशनल पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सांड्रा में पहली बार बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप का दौरा हुआ। कलेक्टर के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सहज और सरल माहौल में उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान एक अलग और सराहनीय तस्वीर देखने को मिली, जहां कलेक्टर विश्वदीप ग्रामीणों के साथ चटाई पर बैठकर सीधे संवाद करते नजर आए। उन्होंने ग्रामीणों से गांव की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों से संबंधित जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों को खुलकर प्रशासन के सामने रखा।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में बिजली, पेयजल सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क निर्माण तथा पुल-पुलिया निर्माण शामिल रहे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही है, जिससे लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने ई-श्रम कार्ड के महत्व को समझाते हुए कहा कि इसके माध्यम से श्रमिक वर्ग को कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। साथ ही महतारी वंदन योजना की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने की अपील की।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा प्रदान करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि पात्र लोगों को उनका अधिकार मिल सके।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, भैरमगढ़ एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, सचिव, ग्राम पंचायत सांड्रा के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा।
बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद अब विकास कार्यों में तेजी देखने को मिल रही है। प्रशासन द्वारा दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के इस दौरे से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान जल्द होगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी।
रिपोर्ट : S इंडिया News
संपादक : सलमान चन्द्रगिरी






