Advertisement

सुकमा में नक्सली डम्प से 23 हथियार, 492 जिंदा राउंड और 240 जिलेटिन स्टिक बरामद

 

 

 

 

 

 

सुकमा। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर 24 अगस्त 2026 को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सली डम्प का पता चला।

 

बरामद सामग्री में 01 एसएलआर रायफल, 01 .315 बोर रायफल, 01 .410 मस्केट रायफल, 06 बीजीएल लॉन्चर, 05 नग 12 बोर रायफल, 07 भरमार बंदूक सहित कुल 23 हथियार शामिल हैं। इसके अलावा एके-47, एसएलआर, इंसास, .303, .315 एवं 12 बोर के कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।

 

सर्चिंग के दौरान 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलोग्राम गन पाउडर, 05 देशी हैंड ग्रेनेड, बड़ी संख्या में बीजीएल सेल एवं कारतूस भी बरामद हुए। इसके साथ ही मैगजीन, पाउच, वर्दी, कमर बेल्ट, सोलर प्लेट, पिट्टू बैग, दवाइयां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी मिली है।

 

सुकमा पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सलियों द्वारा जंगलों एवं दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री के डम्प की तलाश के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान जारी हैं। बरामद डम्प के संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।