सुकमा जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और तीन परिवारों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, ईसाई धर्म अपनाने के आरोप में ग्रामीणों ने तीन परिवारों का विरोध करते हुए उन्हें गांव से बहिष्कृत करने की मांग की।
विरोध के दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने तीनों परिवारों के घरों की छतें भी हटा दीं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण मौके से हट गए। हालांकि, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पोलमपल्ली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले पर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थान – सुकमा छग





