Advertisement

*सुकमा में डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे कलेक्टर अमित कुमार* 

 

 

 

 

 

 

सुकमा। जिले में खरीफ फसल वर्ष 2026 के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शुक्रवार को सुकमा विकासखंड के रामाराम, पातर सुकमा और केरलापाल गांवों का दौरा कर सर्वे कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

 

कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर मोबाइल एप के जरिए फसलों की जानकारी दर्ज कर रहे सर्वेयरों से बातचीत की। उन्होंने सर्वे की प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। साथ ही किसानों से भी चर्चा कर सर्वे कार्य को लेकर जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेयरों द्वारा दर्ज की जा रही जानकारी का नियमित रूप से सत्यापन और अनुमोदन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि फसल सर्वे में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और जानकारी सही एवं पारदर्शी तरीके से दर्ज की जाए।

 

गौरतलब है कि इस वर्ष जिले में पारंपरिक मैन्युअल गिरदावरी की जगह डिजिटल क्रॉप सर्वे की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत जिले के 262 गांवों में खेतों और फसलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे फसल संबंधी आंकड़ों को व्यवस्थित रखने और शासन की कृषि योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।

 

डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से स्थानीय युवक-युवतियों को भी रोजगार का अवसर मिल रहा है। सर्वे कार्य के लिए सर्वेयरों को प्रति खसरा 10 रुपये की दर से मानदेय दिया जाएगा।

 

इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शबाब खान, तहसीलदार श्री गिरीश निंबालकर, अधीक्षक भू-अभिलेख श्री ऋषिकेश सलाम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।