Advertisement

*सुकमा के सुदूर गांवों में पहुंचा मोबाइल नेटवर्क, 4 हजार से अधिक ग्रामीणों को मिलेगा लाभ* 

 

 

 

 

 

सुकमा। जिले के दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी का विस्तार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। गोंडिगुड़ा सहित सुन्नापेंटा, दूंगाबाबू और टेटरई जैसे अंदरूनी गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा शुरू होने से अब ग्रामीण गांव में रहकर ही अपने परिजनों और प्रशासन से संपर्क कर सकेंगे।

 

वर्षों से नेटवर्क सुविधा से वंचित इन क्षेत्रों के लोगों को जरूरी फोन कॉल के लिए दूर जाना पड़ता था। मोबाइल टॉवर शुरू होने के बाद करीब 4 हजार से अधिक ग्रामीणों को सीधे तौर पर नेटवर्क सुविधा का लाभ मिलेगा।

 

नेटवर्क कनेक्टिविटी मिलने से विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसान होगी। वहीं ग्रामीण डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

 

आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस और प्रशासन से तत्काल संपर्क की सुविधा भी ग्रामीणों को मिलेगी। इससे दूरस्थ इलाकों में सुरक्षा और जरूरी सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।

 

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. शाहिद ने बताया कि बीएसएनएल की 4G सैचुरेशन परियोजना के तहत बस्तर संभाग के 195 दुर्गम स्थानों पर मोबाइल टॉवर सक्रिय किए गए हैं। सुकमा के अंदरूनी गांवों में नेटवर्क सुविधा पहुंचने से ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

मोबाइल नेटवर्क की सुविधा से अब इन गांवों के ग्रामीण देश-दुनिया से सीधे जुड़ सकेंगे और शिक्षा, रोजगार, सरकारी सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता के नए अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।